देश की सबसे अमीर महिला बनी सावित्री जिंदल:फोर्ब्स इंडिया ने जारी की सूची, अंबानी-अडाणी के बाद तीसरा नंबर, दुनिया में 48वां स्थान
फोर्ब्स इंडिया की रिच लिस्ट 2025 में हरियाणा की हिसार की विधायक और ओपी जिंदल समूह की प्रमुख सावित्री जिंदल भारत की सबसे अमीर महिला बन गई हैं। 39.6 बिलियन डॉलर की कुल संपत्ति के साथ, उन्होंने मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी के बाद भारत के सबसे धनी लोगों में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है।
दुनिया के सबसे अमीर लोगों में सावित्री जिंदल का 48वां स्थान है। इससे पहले अप्रैल में फोर्ब्स बिलियनेयर लिस्ट 2025 की सूची जारी हुई थी उस समय सावित्री जिंदल की कुल संपत्ति 35.5 बिलियन डॉलर थी। यानि 6 महीने में सावित्री जिंदल की संपत्ति 4.1 बिलियन डॉलर बढ़ गई है, जबकि भारत के 100 सबसे अमीर लोगों की नेटवर्थ 9% गिरकर 1 ट्रिलियन डॉलर यानी करीब 88 लाख करोड़ रुपए रह गई।
पिछले साल उनकी नेटवर्थ 1.1 ट्रिलियन डॉलर यानी, करीब 97 लाख करोड़ रुपए थी। ऐसे में जिंदल समूह लगातार आगे बढ़ रहा है। सावित्री जिंदल हिसार विधानसभा सीट से जीतकर विधायक बनी हैं। उनके बेटे उद्योगपति नवीन जिंदल कुरुक्षेत्र से भाजपा के सांसद हैं।
सावित्री जिंदल के 4 बेटों में बंटा है व्यवसाय
जिंदल समूह की अध्यक्ष का साम्राज्य इस्पात, बिजली, सीमेंट और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में फैला हुआ है। कंपनी की स्थापना उनके दिवंगत पति ओम प्रकाश जिंदल ने की थी, जिनकी 2005 में एक हेलिकॉप्टर दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। उनकी मृत्यु के बाद, व्यवसाय उनके चार बेटों में बंट गया।
उनके मुंबई स्थित बेटे सज्जन जिंदल, जेएसडब्ल्यू स्टील, जेएसडब्ल्यू सीमेंट और जेएसडब्ल्यू पेंट्स का नेतृत्व करते हैं और उन्होंने 2023 में जेएसडब्ल्यू इन्फ्रास्ट्रक्चर को सार्वजनिक किया। 2024 में, उन्होंने चीन की एसएआईसी मोटर की सहायक कंपनी एमजी मोटर इंडिया में 35 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करके इलेक्ट्रिक वाहनों में विस्तार किया। दिल्ली स्थित नवीन जिंदल, जिंदल स्टील एंड पावर का प्रबंधन करते हैं।
द्वितीय विश्वयुद्ध में अमेरिकी फौजियों के माल से मिला आइडिया
हिसार के गांव नलवा में जन्मे ओपी जिंदल किसान परिवार से आते हैं। छठी कक्षा तक पढ़े ओपी जिंदल अपने भाइयों की तरह ही बाहर जाकर कमाना चाहते थे। दूसरे विश्व युद्ध के अंतिम समय में असम अमेरिकी फौजियों का बड़ा गढ़ था। इसलिए युद्ध के बाद लोहे और इस्पात से बना बहुत सा माल, वे यहीं छोड़ गए थे। ओपी जिंदल को यहीं से व्यापार करने का आइडिया आया।
साल 1952 में जिंदल ने कोलकाता के पास लिलुआ में पाइप बेंड और सॉकेट बनाने की फैक्ट्री लगाई। उन्होंने इस फैक्ट्री का नाम जिंदल इंडिया लिमिटेड रखा। यहीं से उनके सफर की शुरुआत हुई। ओपी जिंदल असम के बाजारों से नीलामी में पुराने पाइप खरीदते थे और उन्हें कोलकाता में बेचते थे। टाटा और कलिंग के बाद भारत में यह तीसरी इस किस्म की फैक्ट्री थी। इसके बाद 1960 में ओपी जिंदल अपने पैतृक जिले हिसार में वापस आ गए।
हिसार में बाल्टी बनाने का काम शुरू किया
ओपी जिंदल ने हिसार आकर सबसे पहले बाल्टी बनाने की फैक्ट्री लगाई। इससे आमदनी शुरू हुई तो 1962 में जिंदल इंडिया लिमिटेड हिसार में भी फैक्ट्री खोल दी। इसके बाद 1969 में जिंदल स्ट्रिप्स लिमिटेड के नाम से फैक्ट्री खोली। आज इसका नाम स्टेनलेस है। अब जिंदल ग्रुप का देश विदेश में इस्पात, बिजली, सीमेंट और बुनियादी ढांचे में निवेश है।
साल 2005 में हेलिकॉप्टर क्रैश में ओपी जिंदल की मौत के बाद जिंदल समूह की कंपनियों का 4 बेटों में बंटवारा हो गया। उनमें से एक बिजनेस टाइकून सज्जन जिंदल हैं, जो JSW स्टील चलाते हैं।