हिसार में ट्रांसपोर्टर की हत्या का खुलासा: परिवारिक रंजिश और अवैध संबंध से मिला जुर्म का सुराग; यूपी से जुड़ा कनेक्शन आया सामने
हिसार में ट्रांसपोर्टर राजेश हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चौथे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के राजापुर निवासी अभिषेक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अभिषेक ने मुख्य आरोपी को वह हथियार उपलब्ध कराया था जिसका इस्तेमाल 6 अक्टूबर को राजेश की हत्या करने में किया गया था।
6 अक्टूबर की शाम सुंदर नगर में गोली चलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। गली में एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला, जिसकी पहचान 45 वर्षीय ट्रांसपोर्टर राजेश के रूप में हुई। उसके सीने पर एक गोली का घाव था। स्थानीय लोगों ने बताया कि दो युवक बाइक पर आए और राजेश पर नजदीक से गोली चलाई। वारदात के तुरंत बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
राजेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई की शिकायत पर हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि राजेश की हत्या पारिवारिक रंजिश के चलते की गई थी। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अमित उर्फ धोला और मृतक राजेश के बीच दूर की रिश्तेदारी और आपसी विवाद काफी समय से चल रहा था। इसी रंजिश को खत्म करने के लिए अमित ने अपने साथी सोनू उर्फ सरपंच के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
दोनों आरोपियों ने कई दिनों तक राजेश की रेकी की और अवसर मिलते ही हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों को पहले ही गिरफ्तार कर 10 दिन के रिमांड पर लिया हुआ है। एक नाबालिग आरोपी को भी काबू कर ऑब्जर्वेशन होम भेजा जा चुका है।
गिरफ्तार अभिषेक से पूछताछ में पता चला कि उसने ही इस गैंग को हथियार सप्लाई किया था। पुलिस अब यह जांच भी कर रही है कि हथियार कहां से लाया गया और क्या आरोपियों का किसी बाहरी गैंग से भी संपर्क था।
मृतक राजेश मूल रूप से भिवानी जिले के नकीपुरा गांव का रहने वाला था। वह हिसार में ट्रांसपोर्ट का बिजनेस और कनफेक्शनरी दुकान चलाता था। करीब 16 साल पहले उसकी शादी हुई थी और उसका एक 15 साल का बेटा और एक छोटी बेटी है।
परिवार वालों और पड़ोसियों के अनुसार पिछले पांच साल से वह अपनी पत्नी मंजीत से अलग रह रहा था और एक किराए के कमरे में अपनी गर्लफ्रेंड के साथ रहता था। इसी कारण पति-पत्नी के बीच विवाद भी बढ़ गया था।
राजेश पहले मुंबई में ट्रांसपोर्ट का काम करता था। कोरोना काल में वह मुंबई से हिसार शिफ्ट हुआ और यहीं से अपना बिजनेस संभाल रहा था। दशहरे के दिन वह आखिरी बार अपने बच्चों से मिलकर आया था।
पुलिस का कहना है कि मामले में अभी और कड़ियां सामने आ सकती हैं। सभी पहलुओं—रंजिश, रिश्तेदारी विवाद, अवैध संबंध और बाहरी कनेक्शन—की जांच की जा रही है।