हरियाणा में आज बारिश का येलो अलर्ट, कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाओं की संभावना

हरियाणा में आज बारिश का येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने आज हरियाणा के चार जिलों – पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला और कुरुक्षेत्र में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
वहीं करनाल, कैथल, पानीपत और सोनीपत में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में अधिकांश क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश के आसार हैं।
बाकी जिलों में मौसम रहेगा साफ
प्रदेश के 14 जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग अध्यक्ष डॉ. मदनलाल खीचड़ ने बताया कि 16 सितंबर तक मानसून की सक्रियता कम रहेगी, लेकिन इसके बाद फिर से बारिश की संभावना बढ़ सकती है। इससे उत्तरी हरियाणा में बारिश का आंकड़ा बढ़ेगा।
सामान्य से 43% अधिक बारिश दर्ज
प्रदेश में अब तक सामान्य से 43 प्रतिशत ज्यादा बारिश हो चुकी है। 12 सितंबर तक प्रदेश में 395.4 एमएम बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन 564.6 एमएम बरसात दर्ज की गई है।
- सबसे ज्यादा बारिश यमुनानगर में 1080 एमएम हुई है।
- सबसे कम बारिश सिरसा में 346 एमएम रिकॉर्ड की गई।
- कुरुक्षेत्र में सामान्य से 100% ज्यादा, फतेहाबाद में 141% ज्यादा, और महेंद्रगढ़ में 119% ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।