वोट चोरी के खिलाफ हरियाणा में कांग्रेस का हल्ला बोल: 12 नवंबर को करनाल से राज्यव्यापी प्रदर्शन की शुरुआत!
वोट चोरी के खिलाफ हरियाणा में कांग्रेस का हल्ला बोल: 12 नवंबर से करनाल से राज्यव्यापी आंदोलन की शुरुआत
हरियाणा विधानसभा चुनावों में कथित वोट चोरी और चुनावी धांधली के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने राज्यभर में आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। इसकी शुरुआत 12 नवंबर को करनाल से होगी। इससे पहले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पंचकूला सेक्टर-17 स्थित चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने “वोट चोरी बंद करो”, “लोकतंत्र बचाओ” और “चुनाव आयोग जवाब दो” जैसे नारे लगाए। उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए आयोग का पुतला फूंका और ईवीएम में गड़बड़ी की जांच की मांग की।
युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया और प्रदेश कांग्रेस मीडिया इंचार्ज चांदवीर हुड्डा ने कहा कि हरियाणा की जनता ने कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया था, लेकिन मतगणना के दौरान योजनाबद्ध तरीके से वोटों में हेराफेरी की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर चुनाव आयोग ने कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।
पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, एनएसयूआई प्रदेशाध्यक्ष अविनाश यादव और प्रवक्ता पवन जैन ने कहा कि ईवीएम में गड़बड़ियों और गलत मतगणना की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, पर आयोग चुप है। यह लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है।
महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष सुधा भारद्वाज ने कहा कि यह लड़ाई केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि हर मतदाता की है, जो अपने वोट के सम्मान के लिए खड़ा है। उन्होंने चुनाव आयोग से निष्पक्षता बरतने की मांग की।
पूर्व नगर परिषद प्रधान रविंद्र रावल ने कहा कि जनता ने कांग्रेस को खुला समर्थन दिया, लेकिन जनादेश को बदलने का प्रयास लोकतंत्र के साथ विश्वासघात है।
कांग्रेस नेताओं ने घोषणा की कि आगामी 12 नवंबर से करनाल से “लोकतंत्र बचाओ अभियान” की शुरुआत की जाएगी, जो पूरे हरियाणा में चलेगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक चुनाव आयोग पारदर्शी जांच कर दोषियों को सजा नहीं देता।
कांग्रेस का यह प्रदर्शन हरियाणा में राजनीतिक माहौल को गरमा गया है और पार्टी ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में विरोध और भी तेज किया जाएगा।